संसद के मॉनसून सत्र का सोमवार को 8वां दिन है। राज्यसभा में आज विपक्षी सांसदों के हंगामे का मुद्दा उठा। राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा सांसद ने कल राज्यसभा में हंगामा करने वाले सदस्यों के खिलाफ शिकायत दी और उनके खिलाफ कार्यवाही की मांग की।
सभापति ने भी इस मांग पर गंभीरता दिखाई और हंगामा करने वाले सांसदों के खिलाफ कार्रवाई कर दी। किसान बिल को लेकर राज्यसभा में हंगामा करने पर 8 विपक्षी सांसद निलंबित कर दिए गए हैं। निलंबित होने वाले सांसदों में डेरेक ओ ब्रायन, संजय सिंह, रिपुन बोरा, नजीर हुसैन, केके रागेश, ए करीम, राजीव साटव, डोला सेन हैं।
रविवार की घटना पर सभापति ने कहा कि यह राज्यसभा के लिए सबसे खराब दिन था। कुछ सांसदों ने पेपर को फेंका और माइक को तोड़ दिया। रूल बुक को फेंका गया। इस घटना से बेहद दुखी हूं। उपसभापति को धमकी दी गई और उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इससे पहले विपक्ष ने राज्यसभा के उपसभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दिया था, जिसे सभापति वैंकेया नायडू ने खारिज कर दिया है।










