रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार की दोपहर कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कृषि विधेयक पर केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इस कानून को गलत ठहराते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य को भी खत्म करना चाहती है। छत्तीसगढ़ के किसान इसी मूल्य पर उपज का सौदा करते हैं। छत्तीसगढ़ में हम किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। आने वाले सत्र में हम विधानसभा में प्रस्ताव लाकर कानून बनाएंगे। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन बेचने के बाद इनकी नजर किसानों की जमीन पर है। सीएम ने कहा- केंद्रीय कृषि विधेयक केंद्र ने पारित किया वह नियमों के विपरीत है।
रमन स्वामीनाथन कमेटी का समर्थन करते हैं या विरोध
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर भी भूपेश बघेल ने सवालों के तीर छोड़े, उन्होंने कहा कि मैं डॉ. रमन सिंह से पूछना चाहता हूं स्वामीनाथन कमेटी का समर्थन करते हैं या विरोध ? किसानों की आय को दोगुना कब करेंगे ? केंद्र सरकार ने बोनस देने पर रोक लगा दी था उसके पक्ष में हैं या नहीं ? भूपेश बघेल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में एक रुपये की दर से चावल दिया जाता है, शांता कुमार कमेटी की रिपोर्ट ऐसी योजनाओं को बंद करने की सिफारिश करती है। बोनस देने वाले राज्यों से अनाज नहीं लेने की सिफारिश भी इस कमेटी ने की है।










