पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी (आप) के 32 विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। बाजवा के बयान के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाजवा के दावों का जवाब अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करके दिया। मान ने कहा कि मुझे पता है कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बनने की आपकी महत्वाकांक्षा को विफल कर दिया।
गौरतलब है साल 2022 में आम आदमी पार्टी (आप) ने विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीतकर जीत हासिल की थी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाजवा ने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस के पास 18 सीटें हैं और 32 आप विधायकों के समर्थन से उनकी पार्टी सत्तारूढ़ सरकार को उखाड़ फेंक सकती है। इसके जवाब में मान ने कहा कि बाजवा पंजाब के लोगों की चुनी हुई सरकार को तोड़ने की बात कर रहे हैं। मुझे पता है कि कांग्रेस ने आपके मुख्यमंत्री बनने की इच्छा की भ्रूण हत्या कर दी थी। मैं पंजाब के तीन करोड़ लोगों का नुमाईंदा हूं, आपकी तरह कुर्सी का तिकड़मबाज नहीं। सीएम मान ने प्रताप बाजवा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो हाईकमान के साथ बात करो।










