रायपुर, 13 जून 2026।छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार राज्य की सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून 2026 (मंगलवार) से ही शुरू किया जाएगा।
हाल ही में सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही थी कि नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। इस पर विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह सूचना पूरी तरह भ्रामक, असत्य और फर्जी है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने साफ कहा है कि स्कूल संचालन की अधिकृत तिथि 16 जून ही है। विभाग ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल सरकारी स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से सतर्क रहें।









