रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के षष्ठम सत्र के मानसून सत्र के दौरान आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और सत्र के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधानसभा परिसर में हुई इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट के रूप में देखा जा रहा है, जहां दोनों नेताओं के बीच सदन की कार्यवाही को लेकर सकारात्मक चर्चा भी हुई। मानसून सत्र के दौरान राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री साय की इस पहल को सदन में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, आगामी दिनों में विधानसभा में कई अहम विषयों पर बहस और निर्णय होने की उम्मीद है।










