रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए देश की युवा शक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सेवा संकल्प यात्रा युवाओं को सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान है।
राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से लंबी यात्रा तय कर रायपुर पहुंचे बाइक राइडर्स और बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे बाइक राइडर्स का छत्तीसगढ़ की धरती पर आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर सेवा भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में जुटे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है। देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं है, बल्कि यह युवाओं को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रभाव से जोड़ने का अभियान है। गुजरात के वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक सेवा का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यात्रा के दौरान युवा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रदेशवासियों की इस व्यापक भागीदारी को उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति जनता के स्नेह और विश्वास की अभिव्यक्ति बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने प्रदेश में लंबे समय तक काम किया है और यहां के जनजीवन को करीब से समझा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कार्य करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने रखा है। इसी लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है, जिसमें प्रदेश की भविष्य की आवश्यकताओं और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाई गई है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री साय ने बस्तर में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी हिंसा और भय से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब शांति, विश्वास और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। बदलते बस्तर में अब नई पीढ़ी अपने भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रही है।
युवा संवाद कार्यक्रम में बस्तर से रायपुर आकर विद्यालयों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों गोविंद कुमार, दृष्टि ध्रुव, दीपक मरकाम और दीना उइके ने अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने बस्तर में हुए बदलाव पर खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यार्थियों ने बताया कि बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में अब स्कूल, अस्पताल और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। भय का वातावरण कम होने से बच्चों और युवाओं में भविष्य को लेकर नया आत्मविश्वास पैदा हुआ है। बस्तर की नई पीढ़ी अब भारतीय सेना और सिविल सेवाओं में जाने के साथ डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश और प्रदेश की सेवा करने का सपना देख रही है।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर के बच्चों की आंखों में दिखाई दे रहे ये सपने बदलते छत्तीसगढ़ की सबसे सुखद तस्वीर हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन करते हुए राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने सेवा संकल्प यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा में लगभग 1200 युवा शामिल हैं, जो करीब 2000 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान युवाओं द्वारा स्वच्छता, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर जनजागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा और वी.डी. शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, किरण सिंहदेव और अनुज शर्मा सहित विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सेवा संकल्प यात्रा के बाइक राइडर्स और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










