रायपुरा। राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया.एक जाबाज़ आरपीएफ के एक जवान की तत्परता ने एक 52 वर्षीय यात्री की जान बचा ली. घटना आठ जुलाई की है, जब ट्रेन संख्या 12101 स्टेशन से रवाना हो रही थी. जहां एक यात्री ट्रेन चलने के बाद उसमें चढ़ने की जल्दबाजी कर रहे थे. इसी प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच खाली जगह की ओर गिरने लगे.
यात्री की पहचान झारसुगुड़ा निवासी बृजेश सकुनियान के रूप में की गई है, जो गोंदिया से यात्रा कर रहे थे.वहां मौजूद आरपीएफ प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने स्थिति को भांपते हुए पलक झपकते ही यात्री को मजबूती से पकड़कर प्लेटफार्म पर सुरक्षित खींच लिया. इस साहसिक कार्य ने एक बड़े हादसे को टाल दिया. पूछताछ में यात्री ने बताया कि वे गोंदिया से झारसुगुड़ा जा रहे थे, लेकिन स्टेशन पर उतरने के बाद दोबारा चढ़ते समय यह हादसा हुआ. इस घटना के बाद आरपीएफ ने एक बार फिर सभी रेल यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा को प्राथमिकता दें. चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास किसी भी कीमत पर न करें. एक छोटी सी हड़बड़ी न केवल स्वयं के लिए, बल्कि पूरे परिवार के लिए जानलेवा साबित हो सकती है.










