पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जबरदस्त जोश और ऊर्जा वाला नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने बहुत कुछ ऐसा किया है जो प्रभावशाली है। उन्होंने कहा कि नकारात्मक पहलू यह है कि उन्होंने कुछ लोग ऐसे छोड़ दिए हैैं जो समाज को जाति और धर्म के नाम पर खोखला कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली बांटने वाली है। यह देश के लिए खतरनाक है। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में शामिल होने आए थरूर मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों को उम्मीद नहीं थी कि भाजपा उत्तर प्रदेश में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, लेकिन मोदी ने इसे कर दिखाया। लेकिन यह भी मानना होगा कि समाजवादी पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है। इससे अच्छा विपक्ष मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता हमेशा अचंभित करती है। एक दिन भाजपा को भी अचंभित करेगी। थरूर ने कहा कि उत्तराखंड और गोवा में कांग्रेस सरकार बनने की उम्मीद थी। उत्तर प्रदेश में प्रियंका वाड्रा ने उल्लेखनीय और ऊर्जावान प्रचार किया। मुझे नहीं लगता कि वहां की हार के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। कांग्रेस की मौजूदा स्थिति की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले दो साल से वह कांग्रेस संगठन में कमियों और सुधार के साथ बदलाव की बात कहते-लिखते रहे हैं, लेकिन उस पर अब तक कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। उम्मीद है कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद पार्टी की विचारधारा को साफ करने के साथ संगठनात्मक नेतृत्व को सुधार कर लोगों के बीच जाकर फिर से नई जान फूंकी जाएगी।
थरूर ने कहा कि दो साल पहले कांग्रेस के 23 नेताओं ने बैठक कर अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी में सुधार व सक्रिय करने के लिए कहा था। इन नेताओं ने जी-हुजूरी नहीं की। इनके सुझाव के बावजूद दो साल में कोई बदलाव नहीं हो सका है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि पार्टी अच्छी हो जाए, ज्यादा सक्रिय हो। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीयों को बाहर निकलना केंद्र सरकार का कर्तव्य है। इसका श्रेय लेना अनुचित है।









