भिलाई-ओमान में रोजगार के लिए गई भिलाई की रहने वाली दीपिका को वापस भारत लाने की तैयारी की जा रही है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मस्कट में बंधक बनाई गई खुर्सीपार निवासी दीपिका जोगी के मामले में ओमान स्थित इंडियन एम्बेसी में लगातार संपर्क किया जिसके बाद दीपिका को सुरक्षित एम्बेसी लाया गया। उन्होंने बंधक बनाई गई महिला से बातचीत भी की। दीपिका से सबसे पहले हालचाल पूछा। दीपिका ने बताया कि अभी बिल्कुल सुरक्षित हूं। मस्कट की एम्बेसी में आ गई हूं। डिप्टी सीएम ने दीपिका से कहा, ”आप बिल्कुल चिंता मत करिए, आपके आने की व्यवस्था हम करेंगे। आप मेरा नंबर रख लीजिए। आप छत्तीसगढ़ आने के बाद मुझे फोन करिए और आप अपने साथ मस्कट में हुए वाकये के बारे में बताइये। आपको जिन लोगों ने धोखा दिया, उस मामले की तह में जाकर कार्रवाई की जाएगी।”










