रायपुर. बीते दिन से राजधानी रायपुर का मौसम खुशनुमा हो गया है,पिछले कुछ दिनों के ब्रेक के बाद प्रदेश में बारिश का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले कुछ दिनों के ब्रेक के बाद प्रदेश में बारिश का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुककर बारिश होने और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र फिलहाल सक्रिय है। इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के रूप में देखने को मिलेगा।










