अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के चंदरपुर गांव में मंगलवार की रात पीएम आवास में सिगड़ी से निकले जहरीले धुएँ से वहां सो रहे आदिवासी दंपती समेत एक बच्ची की मौत हो गई। सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदरपुर निवासी कवल सिंह पिता शंकर सिंह गोंड 28 वर्ष गांव किनारे पीएम आवास में परिवार के साथ रहता था। मंगलवार की रात वह ठंड से बचाव के लिए घर में सिंगड़ी जलाकर अपनी पत्नी कुंती 25 वर्ष व पुत्री ममता तीन वर्ष के साथ सोया था। सुबह ग्रामीणों को पता चला कि कोयले के धुएं से दम घुटने से तीनों की मौत हो गई। उसके दो बच्चे प्रिंस सात वर्ष व प्राची पांच वर्ष मंगलवार को ही अपने बाबा के घर ग्राम कोट गए थे, इसलिए वे बच गए। बताया गया कि जिस आवास में यह परिवार रहता था वहां हवा निकलने के लिए वेंटिलेशन की सुविधा नहीं थी।,










