भारत के स्टार ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया के लिए पेरिस ओलंपिक में खेलना मुश्किल दिखाई दे रहा है। टोक्यो ओलंपिक के ब्रॉन्ज मेडल विजेता बजरंग पूनिया पर नेशनल एंट्री डोपिंग एजेंसी (NADA) ने बड़ा एक्शन लिया है। नेशनल एंट्री डोपिंग एजेंसी ने बजरंग पूनिया को अस्थाई तौर पर सस्पेंड कर दिया है।
बजरंग पूनिया पर NADA का बड़ा एक्शन
बता दें कि 10 मार्च को सोनीपत में इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए चयन ट्रायल हुए थे। बजरंग पूनिया इस ट्रायल में हार गए थे। पूनिया को पुरुषों के फ्रीस्टाइल 65 किग्रा सेमीफाइनल में रोहित कुमार से 1-9 से हार मिली थी। इससे पहले वह रविंदर के खिलाफ मुश्किल से जीत दर्ज करने में कामयाब हुए थे। सेमीफाइनल में हारने के बाद पूनिया गुस्से में तुरंत भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) केंद्र से चले गए। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के अधिकारियों ने पूनिया के डोप नमूने लेने की कोशिश की लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया था, जिसके चलते ये कारवाई हुई है।
बजरंग पुनिया ने अपने एक्स अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा, “मेरे बारे में जो डोप टेस्ट के लिए ख़बर आ रही है उसके लिये मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ !!! मैंने कभी भी नाडा अधिकारियों को sample देने से इनकार नहीं किया, मैंने उनसे अनुरोध किया कि वे मुझे जवाब दें कि उन्होंने पहले मेरा सैंपल लेने के लिए जो एक्सपायरी किट लाई थी, उस पर उन्होंने क्या कदम उठाए या क्या कार्रवाई की उसका जवाब दे दीजिये और फिर मेरा डोप टेस्ट ले लीजिए। मेरे वकील विदुष सिंघनिया इस पत्र का जवाब समय अनुसार देंगे।”










