अभिनेता शेखर सुमन इन दिनों अपनी वेब सीरीज हीरामंडी को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। शेखर सुमन ने अब बीजेपी ज्वाइन कर ली है। शेखर सुमन ने साल 2009 में पटना साहिब से शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में विनोद तावड़े की मौजूदगी में शेखर सुमन ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। शेखर सुमन ने ऐसे समय में बीजेपी ज्वाइन की है, जब देश में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान चल रहे हैं। हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि शेखर सुमन भविष्य में चुनाव लड़ेंगे या नहीं?
शेखर सुमन इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई सीरीज हीरामंडी की सक्सेस एंजॉय कर रहे हैं। ये सीरीज इसी महीने नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। हीरामंडी में शेखर सुमन की एक्टिंग की तारीफ की जा रही है। इस सीरीज में शेखर सुमन के साथ उनके बेटे अध्य्यन सुमन भी नजर आए हैं। उनके अलावा सोनाक्षी सिन्हा, ऋचा चड्ढा, संजीदा शेख, अदिति राव हैदरी, शर्मिन सेगल, फरीदा जलाल और फरदीन खान अहम किरदार निभाते नजर आए हैं। शेखर सुमन सीरीज में मनीषा कोइराला के साथ अपने इंटीमेट सीन को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं। उन्होंने इस सीन के बारे में बताया था कि संजय लीला भंसाली ने आखिरी समय पर इस सीन में बदलाव किया था।
बता दें शेखर सुमन से पहले हाल ही में टीवी एक्ट्रेस रुपाली गागुंली बीजेपी में शामिल हुई थीं। बीजेपी में शामिल होने पर रुपाली ने कहा था- जब मैं विकास के इस ‘महायज्ञ’ को देखती हूं तो मुझे लगता है कि मुझे भी इसमें हिस्सा लेना चाहिए। मुझे आपका आशीर्वाद और समर्थन चाहिए, ताकि मैं जो भी करूं, सही और अच्छा कर सकूं।










