रायपुर। राजधानी रायपुर को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के नए अस्पताल ‘आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल’ का शुभारंभ आज 3 नवंबर को होगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे पंडरी रोड स्थित अस्पताल परिसर में आयोजित होगा।
आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के शुरू होने से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अब तक गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए प्रदेश के कई मरीजों को दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे महानगरों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक खर्च के साथ-साथ लंबी दूरी और समय की चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। नए अस्पताल के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर ही सुपर स्पेशियलिटी उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
300 बिस्तरों की क्षमता वाले इस अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और क्रिटिकल केयर सहित कई प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी विभाग शुरू किए जा रहे हैं। अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, उन्नत जांच सुविधाएं और 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। अनुभवी चिकित्सकों और प्रशिक्षित नर्सिंग टीम के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार और देखभाल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रहेगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के माध्यम से छत्तीसगढ़ में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स देश के प्रमुख मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल समूहों में शामिल है। अस्पताल समूह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर JCI और राष्ट्रीय स्तर पर NABH की मान्यता प्राप्त है। अब रायपुर में नए अस्पताल की शुरुआत के साथ समूह छत्तीसगढ़ के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।










