रायपुर। सड़क सुरक्षा और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए रायपुर में 1 मार्च को शाम 5 से रात 8 बजे तक और 2 मार्च को सुबह 7 से 10 बजे तक दो दिवसीय राहगीरी दिवस का आयोजन होगा। यह आयोजन जीई मार्ग पर साइंस कॉलेज गेट से लेकर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के गेट तक किया जाएगा।
रायपुर नगर निगम और राहगीरी फाउंडेशन के सहयोग से हो रहे इस कार्यक्रम में जुम्बा, योग, चिकित्सा शिविर, साइकिल चलाना, खेल प्रतियोगिताएं और अन्य सकारात्मक गतिविधियां शामिल होंगी। राहगीरी फाउंडेशन पहले भी गुरुग्राम, दिल्ली जैसे शहरों में सड़क सुरक्षा, पर्यावरण जागरूकता, सांस्कृतिक और फिटनेस गतिविधियों के जरिए समाज को एकजुट करने का कार्य कर चुका है।
विशेष बात यह है कि जहां अन्य शहरों में राहगीरी दिवस एक दिन के लिए आयोजित होता है, वहीं रायपुर में यह पहली बार दो दिवसीय होगा। कार्यक्रम के दौरान जीई मार्ग को नो-व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। आयोजकों ने विशेष रूप से युवाओं और सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।










