बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से एक ग्रामीण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे उस वक्त हुई जब बोड़गा गांव की निवासी महिला जंगल में महुआ बिनने गई थी और इन्द्रावती नदी के ताड़ोपोट घाट पर बर्तन धोने के बाद लौट रही थी।सूत्रों के अनुसार, धमाका इतना जबरदस्त था कि महिला के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसमें बायां पैर घुटने के नीचे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने उसे तत्काल भैरमगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर कर दिया गया।










