रायपुर, 29 नवम्बर 2025।सुकमा जिले में गुरुवार को आईईडी ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल जिला पुलिस बल की महिला कांस्टेबल मुचाकी दुर्गा के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा आज रायपुर स्थित रामकृष्ण हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने महिला कांस्टेबल से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों को हरसंभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चिकित्सकों ने बताया कि कांस्टेबल मुचाकी दुर्गा की स्थिति खतरे से बाहर है, हालांकि गंभीर चोटों के कारण उनके पूरी तरह स्वस्थ होने में समय लग सकता है।
गौरतलब है कि सुकमा जिले में डीआरजी और डिस्ट्रिक्ट फोर्स की संयुक्त टीम के साथ एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन पर गईं मुचाकी दुर्गा जंगल की ओर बढ़ रही थीं। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा लगाया गया प्रेशर आईईडी सक्रिय अवस्था में था। अनजाने में आईईडी पर पैर पड़ने से हुए विस्फोट में उन्हें पैर, हाथ, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुलाकात के दौरान दुर्गा को हौसला बंधाया और उनके परिजनों से भी बातचीत कर शासन की ओर से हरसंभव मदद प्रदान करने का आश्वासन दिया।









