रायपुर, 30 नवम्बर 2025।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय डीजीपी कॉन्फ्रेंस सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस सम्मेलन का छत्तीसगढ़ में होना राज्य के लिए गौरव की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा व रणनीतियों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चाओं से राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, देशभर के डीजीपी तथा सुरक्षा बलों के शीर्ष अधिकारियों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वोच्च नेतृत्व और सुरक्षा तंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने इस आयोजन की गरिमा और प्रभाव को कई गुना बढ़ा दिया।
रायपुर में आयोजित यह कॉन्फ्रेंस राष्ट्रीय सुरक्षा नीतियों, नई रणनीतियों और राज्यों के बीच समन्वय तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई।
मुख्यमंत्री ने आयोजन में शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा और आतिथ्य के उत्कृष्ट प्रबंधन की वजह से कॉन्फ्रेंस की सफलता सुनिश्चित हो पाई।










