रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन 8 टीम द्वारा रायपुरा अग्रोहा कॉलोनी स्थित 2050 हेल्थ केयर हॉस्पिटल की जांच की गई। जांच के दौरान मेडिकल वेस्ट को सामान्य सूखे-गीले कचरे के साथ ब्लैक पॉलीथिन में देने का मामला सामने आया।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम के उल्लंघन को गंभीर अपराध मानते हुए नगर निगम जोन 8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में तत्काल नोटिस जारी किया गया। साथ ही भविष्य में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए हॉस्पिटल प्रबंधन पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक निपटान हेतु समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










