राजनांदगांव। जिले के घुमका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहंदी स्थित जया केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह करीब 11 बजे गोदाम में आग लग गई। आग के बाद उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया।फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आगजनी के तुरंत बाद फैक्ट्री में मौजूद कामगारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते कर्मचारियों के बाहर आ जाने से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि आग तेजी से फैल गई।आग पर काबू पाने के लिए राजनांदगांव, खैरागढ़ और दुर्ग से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। मौके पर 6 से अधिक फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटी रहीं। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के कैमिकल गोदाम में अचानक आग भड़की। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखे हुए है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।










