रायपुर, 14 अप्रैल 2026।अम्बेडकर जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के प्रतीक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके विचारों ने ऐसे भारत की नींव रखी, जहां हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो सके।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और न्यायपूर्ण, समरस तथा सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।










