रायपुर। इंडिगो से अब हवाई जहाज में सामान लाना-ले जाना महंगा हो गया है। अगर आप इंडिगो की फ्लाइट में सफर करने वाले हो तो इसके लिए आपको पहले से सोचना पड़ेगा और अपने साथ कम लगेज लेजाना पड़ेगा।जानकारी के अनुसार इसके लिए पांच जून से नई दरें लागू कर दी हैं, जिसके अनुसार 15 किलो से ज्यादा सामान ले जाने पर ज्यादा शुल्क देना होगा। इंडिगो की तरफ से पैकेज बनाया गया है। इसी के आधार पर ही शुल्क देना होगा। घरेलू उड़ान में पहले से निर्धारित 15 किलो तक की छूट के बाद पहले तीन किलो के सामान पर 975 रुपये लगते थे। अब यात्रियों को 1,650 रुपये देने पड़ेंगे।
175 रुपये प्रति किलोग्राम शुल्क बढ़ाया
इसी तरह अंतरराष्ट्रीय उड़ान में पहले आठ किलो के 3,600 लगते थे, लेकिन अब पांच हजार देने पड़ेंगे। इंडिगो ने 175 रुपये प्रति किलोग्राम शुल्क बढ़ा दिया है। पहले से लागू नियम यात्रा के दौरान यात्री अपने साथ 15 किलो तक का सामान बिना कोई शुल्क के लेकर जा सकता है। ये अभी भी है। सात किलो तक सामान यात्री साथ में ले जाता है। सात किलो से अधिक होने पर सामान को उसी विमान में लगेज बॉक्स में डाला जाता है।










