कोंडागांव। जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोटपाड से बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां दो चचेरे मासूम भाइयों की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी को अनुमान नहीं था कि इतनी बड़ी घटना घटने वाली है।
जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय साजन पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम बुधवार को गांव के पास स्थित नाले में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे नाले के एक गहरे गड्ढे में चले गए और पानी में डूब गए। देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। उस दौरान ही सभी जगह उनकी पड़ताल की गई। नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिले, इसके बाद अनुमान लगाया गया कि कही बच्चे नाले में पानी में उतर तो नहीं गए हैं,जिसके बाद ग्रामीणों ने नाले में तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।









