रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र स्थित ग्राम मिलूपारा में अदाणी फाउंडेशन की ओर से केंद्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आदर्श ग्राम्य भारती विद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कबड्डी और खो-खो की स्पर्धाओं में तमनार, धरमजयगढ़, मिलूपारा, पुसौर, धौराभांठा, लिब्रा और राजपुर सहित सात स्कूल क्लस्टरों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न अतिथियों, अदाणी समूह के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मिलूपारा के सरपंच उद्धव भगत, उपसरपंच सीताराम चौधरी, मंडल अध्यक्ष सरोज बेहरा, यादलाल नायक, बबलू पटेल, अशोक पटेल और नित्यानंद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में पेलमा और गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड तथा लॉजिस्टिक्स विभाग के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी और खो-खो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बालक और बालिका वर्ग की टीमों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए संघर्ष किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मोमेंटो और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को भी उपहार प्रदान किए गए, ताकि उनका उत्साह बढ़ाया जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अदाणी फाउंडेशन ने आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए बस परिवहन की व्यवस्था की थी। साथ ही, प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल गतिविधियों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देना आवश्यक है।
पेलमा के साइट हेड ने कहा कि खेल शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
वहीं, गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि अदाणी फाउंडेशन शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करता है। मिलूपारा में आयोजित केंद्रीय खेल प्रतियोगिता भी ग्रामीण विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने की इसी पहल का हिस्सा रही।










