छत्तीसगढ़ में पीडिया में हुए एनकाउंटर को लेकर बस्तर संभाग में काफी आक्रोश है। जिसके विरोध में आज सर्व आदिवासी समाज ने बस्तर बंद का आहृान किया है। वहीं चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी बंद का समर्थन किया है। बस्तर संभाग के संभाग के सातों जिलों में आज दुकानें बंद हैं। सुकमा में सुबह से दुकानें नहीं खुली है। यात्री बसों के पहिए भी थम गए हैं। सड़के सुनसान है। हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं जैसे मेडिकल खुले है।
में
बता दें कि पुलिस का दावा है कि पीडिया गांव में हुए एनकाउंटर में 12 नक्सलियों को ढेर किया गया है। जबकि सर्व आदिवासी समाज, सीपीआई और कांग्रेस ने इसे फर्जी बताया है। सामाजिक कार्यकर्ता से लेकर विपक्ष के लोगों ने भी इस मुठभेड़ को फर्जी बताया है। एनकाउंटर के विरोध में सर्व आदिवासी समाज ने आज बस्तर बंद बुलाया है। बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव इन सातों जिले में बंद का असर है। बंद को सभी जिलों के व्यापारियों का भी समर्थन दिया है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि, बस्तर संभाग के बीजापुर जिले का पीडिया इलाका नक्सलियों का गढ़ है। यहां 10 मई को पुलिस की नक्सलियों के पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी के साथ मुठभेड़ हुई थी। पुलिस ने दावा किया है मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मारा गया है। इनके पास से हथियार समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।









