कोविड-19 के संक्रमित अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक दो दिन से नानावटी हॉस्पिटल में भर्ती हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो वे क्लिनिकली स्टेबल हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने यह जानकारी अस्पताल से जुड़े सूत्रों के हवाले से दी है।
रिपोर्ट में लिखा गया है, “वे दोनों आइसोलेशन वार्ड में हैं और क्लिनिकली स्टेबल हैं। फिलहाल, उन्हें किसी खास ट्रीटमेंट की जरूरत नहीं है। उनके लिए फर्स्ट लाइन मेडिकेशन ही सही है। उन्हें सपोर्टिव थेरेपी दी जा रही है। उनकी नब्ज ठीक चल रही है और भूख भी अच्छी लग रही है।” उनके रविवार को हुए कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आज आएगी।
ताजा रिपोर्ट्स में हॉस्पिटल से जुड़े सूत्रों के हवाले से लिखा गया है कि दोनों को रात में वही खाना दिया गया, जो बाकी कोरोना मरीजों को दिया जा रहा है। नानावटी अस्पताल की क्रिटिकल केयर सर्विस के डायरेक्टर डॉ. अब्दुल समद अंसारी की निगरानी में दोनों के सभी टेस्ट और जरूरी चेकअप किए जा रहे हैं।
अमिताभ आइसोलेशन वार्ड में होने के बावजूद अपना डेली रुटीन जारी रख रहे हैं। वे अब भी हर दिन की तरह अपनी एक्सटेंडेड फैमिली यानी फैन्स, कलीग्स, पत्रकारों और दोस्तों को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं और अपने ब्लॉग को अपडेट कर रहे हैं। रविवार रात उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा, “बर्थडे- मनोज कुमार ओझा, तरन घंटासला। सोमवार, 13 जुलाई। दोनों को जन्मदिन की शुभकामनाएं। हमेशा। आप हमेशा खुश रहें।”










