टीवी अभिनेत्री रुपाली गांगुली आजकल सुर्खियों में हैं। एक तरफ उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर राजनीति में कदम रख लिया है तो दूसरी तरह उनका सुपरहिट सीरियल ‘अनुपमा’ हर दिन नया मुकाम हासिल कर रहा है। ‘अनुपमा’ की शूटिंग के दौरान रुपाली अक्सर तस्वीरें और वीडियो शेयर करती रहती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने जो बीटीएस वीडियो शेयर किया है, उसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
‘अनुपमा’ असल जिंदगी में काफी मजाकिया इंसान हैं। वह धर्म-कर्म की बातें तो करती ही हैं, लेकिन जहां मस्ती करनी होती है, वहां पीछे नहीं रहती हैं। ऐसा ही एक मौका जब ‘अनुपमा’ की शूटिंग के दौरान आया तो उन्होंने मौके का फायदा उठा लिया। रुपाली गांगुली ने एक वीडियो शेयर किया है। इसके कैप्शन में लिखा, ‘आज का बीटीएस। गाना पहचानिए, जिसे में असल में गा रही थी। थैंक्यू रिचा शर्मा इस शूटिंग के लिए। ‘ रिचा शर्मा टीवी इंडस्ट्री में क्रिएटिव डायरेक्टर के तौर पर काम करती हैं।
इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि रुपाली गांगुली शूटिंग के दौरान एक क्रेन पर बैठी हैं । सेटअप हो रहा है और वह अपनी मस्ती में चूर हैं । बैकग्राउंड में गाना बज रहा है, ‘आज मैं ऊपर..आसमां नीचे.’ इस गाने पर रुपाली मस्ती करती नजर आ रही हैं और उन्होंने वीडियो के कैप्शन में बताया भी है कि असल में वो ये गाना गा रही थीं।









