बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न मामले में भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म जारी की है। भाजपा ने लिखा- संदेशखाली का एक ऐसा सच जो हमारी अंतरात्मा को झकझोर कर रख देगा। ममता बनर्जी इस सच को छिपाने की कोशिश कर रही हैं। 20 मिनट 41 सेकेंड की डॉक्यूमेंट्री में संदेशखाली की महिलाएं अपने अनुभव बता रही हैं। इसमें एक महिला ने दावा किया कि TMC नेता शिबप्रसाद हाजरा यानी शिबू हाजरा उन्हें घर से उठवाकर ले जाता था। TMC के लोग लड़कियों की सुंदरता देखकर अपने साथ ले जाते थे। उनके लिए लड़कियां एंटरटेनमेंट थीं।
एक महिला ने बताया कि शिबू हाजरा के लोग रात के दो बजे बुलाने आते थे। कहते थे कि दादा यानी शिबू हाजरा बुला रहे हैं। उनका आदेश मतलब भगवान का आदेश। मैं रात के दो बजे जाती थी और सुबह 5 बजे आती थी। मैं दुकान चलाती हूं। उनके बुलाने पर नहीं जाती तो मेरी दुकान तोड़ देते। एक शख्स ने डॉक्यूमेंट्री में बताया कि TMC के लोग मुझे ले गए थे। मेरे बच्चे को फेंक दिया। मेरी पत्नी के साथ मारपीट की और कहा कि जाकर शाहजहां शेख से मिलो। मुझसे कहा कि TMC का झंडा पकड़ो नहीं तो मारे जाओगे।
इस बीच, बंगाल के DGP राजीव कुमार बुधवार को संदेशखाली गए और रात भर वहां रुक कर हालात का जायजा लिया। कोलकाता लौटने के बाद DGP राजीव ने कहा कि पुलिस संदेशखाली में हर व्यक्ति की शिकायत सुनेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। अगर लोगों को टॉर्चर करने में कोई शामिल होगा, तो हम उसके खिलाफ एक्शन लेंगे।
नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल ट्राइब्स की एक टीम संदेशखाली गई है। टीम के वाइस चैयरमैन अनंत नायक ने कहा कि आयोग को संदेशखाली से शिकायत मिली है। हम उसी मामले में वहां जा रहे हैं। हम DGP राजीव कुमार और बंगाल के चीफ सेक्रेटरी बीपी गोपालिका से रिपोर्ट मांगेंगे। हमने उन्हें तीन दिन का समय दिया है। संदेशखाली मामले की जांच के लिए नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन की एक विशेष टीम भी गुरुवार को संदेशखाली का दौरा करेगी। NHRC ने भी चीफ सेक्रेटरी और DGP को नोटिस जारी कर आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर चार हफ्ते के भीतर रिपोर्ट मांगी है।










