महाराष्ट्र में शिवसेना के राज में न्याय मांगना अपराध हो गया है। अभिनेत्री कंगना रनौत ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर सवाल खडे किए तो शिवसेना बौखला गई। अभिनेत्री कंगना की कोरोना रिपोर्ट नैगेटिव मिलने के बाद वह तड़के मुंबई के लिए रवाना हुई। उधर, मुंबई पहुचने से पहले ही बीएमसी ने बांद्रा वेस्ट के पाली हिल रोड पर स्थित कंगना रनौत के दफ्तर को अवैध निर्माण के नाम पर ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बीएमसी की टीम जेसीबी और मजदूरों के साथ कंगना के दफ्तर पहुंच गई है और अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है। वहीं इस बीच कंगना ने बीएमसी की टीम को बाबर की सेना कहा है।
बीएमसी के सीनियर अधिकारी ने कहा कि हमने कंगना को 24 घंटे का समय दिया था, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। इस बीच बीएमसी की इस कार्रवाई के खिलाफ कंगना ने बॉम्बे हाई कोर्ट में अर्जी दायर की है। कंगना की ओर से रिजवान सिद्दीकी ने अर्जी दाखिल की, जिस पर जस्टिस एस कथावाला आज सुनवाई करेंगे।
मुंबई की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) से करने पर जारी विवाद के बीच वाई श्रेणी की सुरक्षा में अभिनेत्री कंगना रनौत आज मुंबई आ रही हैं। वह अपने घर से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से फ्लाइट से मुंबई के लिए निकलीं हैं। बीते कुछ दिनों के विवाद को देखते हुए उम्मीद है कि मुंबई पहुंचते ही कंगना को शिवसेना के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान उन्हें प्रोटेक्ट करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा मुहैया कराई गई सिक्योरिटी टीम उनके साथ होगी। वहीं, बीएमसी मुंबई पहुंचने से पहले उनके दफ्तर को तोड़ने की तैयारी में है। मुंबई न आने की धमकी के बीच कंगना ने नौ सितंबर को मुंबई जाने का बीते दिनों ऐलान किया था और वह अपने वादे के मुताबिक आज मुंबई के लिए निकल चुकी हैं।










