छत्तीसगढ़ सरकार ने अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त कर दिया है। कानून एवं विधायी कार्य विभाग ने उनकी नियुक्ति का आदेश शुक्रवार को जारी किया। पूर्व महाधिवक्ता एन. प्रफुल्ल कुमार भारत के इस्तीफे के बाद से यह पद पिछले कुछ समय से रिक्त था।
विवेक शर्मा अब तक अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में राज्य सरकार के पक्ष में विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों में पैरवी कर रहे थे। उनकी सक्रिय भूमिका और अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें प्रदेश का सर्वोच्च विधिक पद सौंपा है। नियुक्ति आदेश जारी होते ही वे औपचारिक रूप से अपने नए पद का कार्यभार संभालेंगे। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अब विवेक शर्मा राज्य की ओर से सभी बड़े मामलों का नेतृत्व करेंगे।










