रायपुर, 28 नवंबर 2024-छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास को नया आयाम देने के लिए केंद्र सरकार ने 147.66 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट 2024-25 के तहत राज्य की दो प्रमुख परियोजनाओं के लिए मंजूर की गई है।
स्वीकृत राशि का उपयोग रायपुर के माना तूता क्षेत्र में 95.79 करोड़ रुपये की लागत से चित्रोत्पला फिल्म सिटी और 51.87 करोड़ रुपये की लागत से जनजातीय और सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए किया जाएगा। इन परियोजनाओं से छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
राज्य में इन योजनाओं के क्रियान्वयन से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और छत्तीसगढ़ को पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया जाएगा।
केंद्र से मिली मंजूरी
इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में राज्य सरकार और पर्यटन बोर्ड की सक्रिय भूमिका रही। 15 अक्टूबर 2024 को छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर राज्य के पर्यटन विकास के लिए प्रस्ताव पेश किया था। इसके तहत फिल्म सिटी, कन्वेंशन सेंटर, वेलनेस रिसॉर्ट और नेचर सिटी जैसी परियोजनाओं के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया था।
फिल्म सिटी निर्माण से नई संभावनाएं
पर्यटन मंत्रालय के इस फैसले से छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण और पर्यटन क्षेत्र में अपार संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। माना जा रहा है कि फिल्म सिटी और सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण से राज्य की पहचान एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में और अधिक मजबूत होगी।










