रायपुर, 16 नवंबर 2025।राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से जुड़े सभी पत्रकारों, संपादकों और संवाददाताओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भारतीय लोकतंत्र की प्रमुख विशेषता है और यही स्वतंत्रता एक मजबूत एवं जिम्मेदार समाज का मार्ग प्रशस्त करती है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि निष्पक्ष प्रेस और निर्भीक पत्रकारिता किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र की मूल आवश्यकता है। मीडिया नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक कर समाज और राष्ट्रहित में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रेस के महत्व को याद करने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि मीडिया अपनी प्रखरता, संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा के साथ लोकतंत्र के मार्ग को निरंतर प्रकाशमान करता रहेगा।









