मुख्यमंत्री भगवंत मान श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश होंगे। पहले सीएम मान को सुबह 10 बजे बुलाया गया था। दो दिन पहले श्री अकाल तख्त ने पेशी का समय संशोधित कर दिया था। अकाल तख्त सचिवालय ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि वे 15 तारीख को सुबह 10 बजे के बजाय शाम 4.30 बजे पेश हो। इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि 15 जनवरी को उनका और कोई कार्यक्रम नहीं है। वह राष्ट्रपति कार्यालय को इस बाबत बता चुके हैं कि वे 15 को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रह पाएंगे। ऐसे में वे जत्थेदार के कहे अनुसार 15 जनवरी को पूरा दिन श्री अकाल तख्त साहिब को समर्पित रहेंगे और सुबह ही आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक सामान्य सिख की तरह नंगे पांव अकाल तख्त साहिब में पेश होंगे। साथ ही उन्होंने मांग की थी कि उनसे होने वाली पूरी पूछताछ और बातचीत का लाइव किया जाए, ताकि संगत को पूरी प्रक्रिया की जानकारी मिल सके। श्री अकाल तख्त की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री अमृतधारी सिख नहीं हैं, इसी कारण उन्हें अकाल तख्त की फसील पर नहीं बल्कि सचिवालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।










