रायपुर: राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरक्षक हिमांशु बर्मन को हेरोइन की तस्करी करते पकड़ा गया। टिकरापारा थाना पुलिस ने आमानाका थाने में पदस्थ आरक्षक को ग्राहक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब डेढ़ ग्राम हेरोइन जब्त की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पुलिसकर्मी नशे के कारोबार में सक्रिय है और शहर में हेरोइन की सप्लाई कर रहा है। सूचना पर टिकरापारा थाना पुलिस ने जाल बिछाया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और तय स्थान पर निगरानी बढ़ाई गई। जैसे ही आरक्षक हिमांशु बर्मन ने ग्राहक को हेरोइन सौंपी, पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वह कब से इस अवैध धंधे में लिप्त था।










