पूर्वी और उत्तरी भारत के ज्यादातर हिस्से बुधवार को कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। राजधानी दिल्ली में घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के कारण हवाई और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बुधवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे का असर साफ नजर आया, जहां कई उड़ानों में देरी हुई और कुछ को रद्द करना पड़ा। एयरपोर्ट से सामने आए एएनआई एजेंसी के वीडियो में रनवे और टर्मिनल के आसपास घना कोहरा छाया हुआ दिखाई दे रहा है। मौसम की इस खराब स्थिति ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, वहीं कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी प्रभावित हुईं।










