रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा को राज्य नीति आयोग छत्तीसगढ़ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, गणेश शंकर मिश्रा की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी मानी जाएगी और आगामी आदेश तक लागू रहेगी। उनकी सेवा शर्तों एवं अन्य प्रावधानों के संबंध में पृथक से आदेश जारी किए जाएंगे।
राज्य नीति आयोग में उपाध्यक्ष पद पर यह नियुक्ति प्रशासनिक और नीतिगत स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शासन के निर्णय के बाद आयोग के कार्यों में नई दिशा और गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य नीति आयोग प्रदेश में विकास योजनाओं, आर्थिक रणनीतियों और नीतिगत क्रियान्वयन की रूपरेखा तय करने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति को सरकार की रणनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।










