देश में जारी कोरोना के कहर बीच एक अच्छी खबर आई है। COVID-19 वैक्सीन 2021 की शुरुआत में भारत के पास होगी। हालांकि कोरोना वायरस की प्रमाणिक वैक्सीन के लिए अभी भी शोध जारी है। इस बीच रूस ने कोरोना की वैक्सीन (Covid Vaccine) बनाने का दावा किया है। भारत में भी तीन वैक्सीन परीक्षण के दौर में हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि भारत में अगले साल की शुरुआत में कोरोनो वायरस का टीका लगने की उम्मीद है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि अगले साल की शुरुआत में हमारे पास एक से अधिक स्रोतों से देश में टीका होना चाहिए। ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स की बैठक के दौरान हर्षवर्धन ने कहा कि हमारे विशेषज्ञ समूह देश में वैक्सीन के वितरण को कैसे शुरू करें, इसकी योजना बनाने के लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं।
इससे पहले, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा था कि योजना के मुताबिक समय पर COVID-19 की वैक्सीन जनवरी 2021 तक भारत में आने की उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि खुराक की प्रारंभिक उपलब्धता पूरे देश के लिए पर्याप्त नहीं होगी।










