रायपुर, 01 जुलाई 2024: उत्कल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। विधायक पुरन्दर मिश्र के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 7 जुलाई को रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण के लिए उत्कल समाज का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. पीके पात्रा, डॉ. कमलाकांत भोई, नारायण भोई और उषा पटेल सहित अन्य लोग मौजूद थे।










