भारतीय क्रिकेट टीम जब 19 सितंबर से बांग्लादेश के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में उतरेगी तो सभी की निगाहें विराट कोहली पर होंगी। कोहली पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं और इसका मतलब है कि फैंस को अब सिर्फ उन्हें दो प्रारूपों- टेस्ट और वनडे में देखने को मिलेगा। 35 साल के विराट कोहली और महान सचिन तेंदुलकर के बीच अक्सर तुलना की जाती रही है। हालांकि कोहली ने हमेशा कहा है कि यह तुलना सही नहीं है और सचिन की किसी से तुलना नहीं की जा सकती। सचिन ने वनडे विश्व कप 2023 के दौरान वनडे करियर का 50वां शतक लगाने के बाद सचिन के सामने नतमस्तक हुए थे। कोहली के नाम 80 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं और वह शतकों के मामले में तेंदुलकर (100) के बाद दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में विराट के निशाने पर सचिन का एक बड़ा रिकॉर्ड होगा। विराट कोहली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 27 हजार रन पूरे करने के लिए 58 रनों की जरूरत है। तेंदुलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 27 हजार रन तक पहुंचने वाले सबसे तेज खिलाड़ी हैं। उन्होंने 623 पारियां (226 टेस्ट पारी, 396 वनडे पारी, 1 टी20 पारी) में ऐसा किया था। कोहली ने अब तक सभी प्रारूपों को मिलाकर 591 पारियों में 26,942 रन बनाए थे। अगर कोहली अपनी अगली आठ पारियों में 58 रन और बना लेते हैं तो वह सचिन से आगे निकल जाएंगे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 27 हजार पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इसकी बहुत संभावना भी दिखती है। विराट के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 147 साल के इतिहास में 600 से कम पारियों में 27 हजार रन तक पहुंचने वाले पहले क्रिकेटर बनने का मौका है।










