चैंपियंस ट्रॉफी 2025 करीब आ रही है, लेकिन यह साफ नहीं हो पा रहा है कि टूर्नामेंट में टीम इंडिया के मुकाबले कहां खेले जाएंगे? भारतीय टीम टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान का दौरा करने के लिए अब तक राजी नहीं हुई है, जिसको मद्दे नजर रखते हुए अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड घुटने टेकता हुआ नजर आ रहा है। पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस बात पर अड़ा हुआ था कि चैंपियंस ट्रॉफी में भारत सहित सभी टीमों के मैच पाकिस्तान में ही खेले जाएंगे, क्योंकि पाकिस्तान टूर्नामेंट का होस्ट है। अब टीम इंडिया का रुख देखते हुए पाकिस्तान बोर्ड बदलाव करने के लिए तैयार होता दिख रहा है।
‘पीटीआई’ के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बदलाव करने के लिए तैयार हो गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि टूर्नामेंट में भारत के मुकाबले शारजाह या दुबई में खेले जा सकते हैं। “पीसीबी को लगता है कि अगर भारत सरकार पाकिस्तान दौरे को मंजूरी नहीं देती है तो शेड्यूल में थोड़ा बदलाव किया जा सकता है, क्योंकि पूरी संभावना है कि भारत अपने मैच दुबई या शारजाह में खेलेगा।”
दूसरी तरफ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आईसीसी पर इस बात को लेकर जोर दे रहा है कि अगले हफ्ते तक टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी किया जाए। सोर्स ने शेड्यूल को लेकर कहा, “पीसीबी ने आईसीसी के साथ अस्थायी शेड्यूल पर चर्चा की है जो उन्होंने कुछ महीने पहले भेजा था और वह चाहते हैं कि 11 नवंबर को उसी शेड्यूल का एलान किया जाए।”
हालांकि अभी इस हाइब्रिड मॉडल को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। इससे पहले 2023 में खेला गया एशिया कप का मेजबान भी पाकिस्तान था, लेकिन टीम इंडिया ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया था और उस सूरत में टीम इंडिया के मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे।










