प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल के वायनाड के दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री भूस्खलन प्रभावित वायनाड में हालात का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भूस्खलन प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे भी किया। हवाई सर्वे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायनाड में भूस्खलन प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे। वहां अधिकारियों से उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान पीएम मोदी के साथ राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी भी मौजूद रहे। भूस्खलन के हवाई सर्वे के दौरान प्रधानमंत्री ने भूस्खलन की वजह के बारे में पूछा और साथ ही भूस्खलन में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए इलाकों पुंचीरीमत्तम, मुंडक्कई और चूरलमाला के हालात का भी जायजा लिया। इस दौरान सीएम पी विजयन भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड में भूस्खलन प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। वायनाड के जिला कलेक्टर डी आर मेघश्री के मुताबिक, जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित रूप से स्थानांतरित करने के लिए कदम उठाए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में स्कूलों में छुट्टी का एलान करने के साथ ही सरकारी अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित अंबालावायल गांव और व्यथिरी तालुक के रिहायशी इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है।










