उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बडा फैसला लिया है। योगी सरकार ने फैसला लिया है कि प्रदेश में अगर कोई भी महिलाओं से छेड़खानी करते पकड़ा जाता है तो उसके पोस्टर शहर के चौराहे पर लगेंगे। मिशन दुराचारी के तहत महिला पुलिसकर्मियों को जिम्मा दिया जाएगा। महिला पुलिस शहर के चौराहों पर नजर रखेगी। दरअसल प्रदेश में महिला अपराध के कई मामले सामने आने के बाद फैसला लिया गया है।
योगी सरकार ने इस प्रकार का कदम नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हुई हिंसा के दौरान भी उठाया था। इस बार दुराचारियों और अपराधियों के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी का ऑपरेशन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया कि दुराचारी, रेपिस्ट, पेशेवर अपराधियों के भी चौराहों पर पोस्टर लगाए जाएं, ताकि ऐसे अपराधियों के बारे में लोगों को पता चले और उनका समाज बहिष्कार करे। ऐसे अपराधियों और दुराचारियों के मददगारों के भी नाम उजागर किए जाएं। कहीं भी महिलाओं के साथ कोई आपराधिक घटना हुई तो संबंधित बीट इंचार्ज, चौकी इंचार्ज, थाना प्रभारी और सीओ जिम्मेदार होंगे।










