कोण्डागांव जिला राशन विक्रेता कल्याण संघ ने ई-पॉस मशीनों की खराब गुणवत्ता और अन्य समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संघ के अध्यक्ष जगबंधू नाग और सचिव रमेश कुमार मानिकपुरी ने बताया कि बार-बार मशीन खराब होने से राशन वितरण में समस्याएं आ रही हैं।
विक्रेताओं ने बताया कि ई-पॉस मशीनों की मरम्मत समय पर नहीं हो रही है और सर्वर की खराबी से राशन वितरण रुक जाता है, जिससे कार्डधारियों के साथ विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कई बार मजबूर होकर विक्रेताओं को ऑफलाइन वितरण करना पड़ता है, जिससे स्टॉक में असंतुलन दिखने लगता है और जांच के दौरान अधिकारियों द्वारा उन पर कार्यवाही की जाती है।
विक्रेताओं ने यह भी कहा कि उचित मात्रा में राशन सामग्री का आबंटन नहीं हो रहा और कमीशन राशि भी नियमित रूप से नहीं मिल रही है। इस कारण उनकी आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उच्च गुणवत्ता की मशीनें नहीं दी जातीं और कमीशन बढ़ाने सहित अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक राशन वितरण बंद रहेगा।









