रेलवे ने मंगलवार को एनटीपीसी खातक और अवर खातक पदों पर भर्ती के लिए दूसरे चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी -2) के लिए नोटिस जारी कर दिया। सीबीटी-1 में वेतन स्तर चार और छह के लिए चयनित उम्मीदवारों की सीबीटी -2 इस साल नौ और 10 मई को होने वाली है। बिहार और उत्तर प्रदेश्ा के उम्मीदवारों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है।
बता दें कि चरण एक सीबीटी का आयोजन 28 दिसंबर, 2020 से 31 जुलाई 2021 के बीच सात चरणों में हुआ था। सीबीटी-1 का परिणाम इस साल 30 मार्च से एक अप्रैल के बीच आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर अपलोड किया गया था। वेतन स्तर दो, तीन और पांच के लिए परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।
गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी) के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाने वाले उम्मीदवारों के विरोध को देखते हुए रेलवे ने उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया पर नवीनतम अपडेट के लिए केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों को देखने की सलाह दी है।
रेलवे ने कहा, ‘कृपया अनधिकृत स्रोतों से गुमराह न हों। उन दलालों से सावधान रहें जो उम्मीदवारों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। रेलवे में चयन कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) से होता है और भर्ती केवल उम्मीदवारों की योग्यता के आधार पर होती है।”










