महासमुंद। सुशासन की झलक महासमुंद में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में देखने को मिली। मुख्यमंत्री की सादगी ने कार्यक्रम में आए हितग्राहियों को प्रभावित किया।
स्टॉल अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने सरलता और सहजता से हितग्राहियों से बातचीत की। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर 5 हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल की चाबी सौंपी। हितग्राही मनोज कुमार और रमेश कुमार कन्नौजे भावुक हो गए। रमेश ने कहा, “मुख्यमंत्री ने मेरे कांधे पर हाथ रखकर हाल पूछा और चाबी सौंपी। यह पल मेरे लिए अविस्मरणीय रहेगा।”

आदिवासी विकास विभाग के स्टॉल पर ग्राम सोनासिल्ली के घासीराम कमार ने बांस से बनी मयूर की कलाकृति मुख्यमंत्री को भेंट की। उन्होंने कहा, “पीएम जनमन योजना से हमारे घर में पानी, बिजली और सीसी रोड की सुविधा मिली है। मेरा बेटा अब स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत है। मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से हमारी बात सुनी, यह मेरे लिए सौभाग्य का क्षण है।”
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने 6 माह के शिशु अद्विक वर्मा को अन्नप्राशन कराया। शिशु की मां के लिए यह गौरव का पल था। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने वृद्ध महिला को आरोग्य किट प्रदान किया, जिससे वे बेहद प्रसन्न नजर आईं।
हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और सादगी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सुशासन की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।










