रायपुर, 1 मई 2025– जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया की हत्या को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को अत्यंत पीड़ादायक और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि राज्य सरकार मृतक के शोकाकुल परिवार को 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की क्षति है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पूरा छत्तीसगढ़ इस दुःखद घड़ी में मिरानिया परिवार के साथ है। जो आतंकवादी इस जघन्य कृत्य के दोषी हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा अवश्य मिलेगी।”
साय ने यह भी विश्वास जताया कि देश की सुरक्षा एजेंसियां इस मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करेंगी और दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।









