रायपुर। महंगाई का असर अब परिवहन में भी देखने को मिल रहा है। डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने बस किराया बढ़ाने की मांग की है।इसे लेकर महासंघ के पदाधिकारी परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मिलने पहुंचे और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
यातायात महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने कहा कि प्रदेश में आखिरी बार सितंबर 2021 में यात्री किराए में वृद्धि की गई थी। उसके बाद से बसों के संचालन खर्च में लगातार बढ़ोतरी हुई है। बीते 15 दिनों में डीजल के दाम 4 बार बढ़ चुके हैं। इसके अलावा बसों के चेचिस, बॉडी, टायर, बीमा, मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स और कर्मचारियों के वेतन सहित सभी खर्चों में बढ़ोतरी हुई है। परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर व्हीकल फिटनेस, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, पैनिक बटन, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों को अनिवार्य किया गया है, जिससे बस संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। ऐसी स्थिति में किराया बढ़ाना अब जरूरी हो गया है।










