दो भाइयों ने मारुति वैगनआर को एक हेलीकॉप्टर में बदल दिया लेकिन, जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, वाहन को जब्त कर लिया। साथ ही दोनों भाइयों पर 2000 रुपये का चालान भी लगा दिया। हेलीकॉप्टर में बदली मारुति वैगनआर का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर के ईश्वर दीन और उनके भाई साथ मिलकर एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। दोनों ने वैगनआर का हेलीकॉप्टर बना दिया। दोनों ने जुगाड़ से वैगनआर को हेलीकॉप्टर का आकार दे दिया। अकबरपुर में जब दोनों भाई इस हेलीकॉप्टर बनी कार पर पेंट का काम शुरू करने ही वाले थे, तभी पुलिस का ध्यान गया। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में इस वाहन को जब्त कर लिया। बाद में दोनों भाइयों के 2 हजार रुपये का फाइन जमा करने के बाद वाहन को छोड़ दिया गया। साथ ही हेलीकॉप्टर जैसे पीछे के हिस्से को निकालने का निर्देश भी दिया।
ईश्वर दीन और उनके भाई ने कार से इस हेलीकॉप्टर को बनाने में 2.50 लाख रुपये खर्च कर दिए। दोनों भाइयों ने ये 2.50 लाख रुपये मारुति वैगनआर पर रोटर लगाने में और हेलीकॉप्टर के पीछे का हिस्सा बनाने में खर्च कर दिए, जिससे इस वाहन को हेलीकॉप्टर का आकार दिया जा सका। ईश्वर ने बताया कि उन्होंने ये गाड़ी से हेलीकॉप्टर शादी में दूल्हा-दुल्हन की सवारी के लिए बनाया है। दोनों भाइयों का कहना है कि अपने घर में थोड़ी और इनकम करने के लिए वो ये वाहन बना रहे थे।
असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस विशाल पांडे ने बताया कि किसी भी गाड़ी में बदलाव करने के लिए RTO से इजाजत लेनी होती है। वाहन को मोटर व्हीकल्स एक्ट के Section 207 के तहत जब्त किया गया था और हम आगे की जांच जारी रखेंगे। पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों को कार में बदलाव करने के लिए कोई अथॉरिटी नहीं मिली हुई थी।










