रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। मोर बिजली एप के नाम पर अज्ञात ठग ने सिलाई का काम करने वाले युवक से ओटीपी लेकर 4 लाख 95 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत थाना आजाद चौक में दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार मंगल बाजार गली नंबर 05 निवासी करण कुमार देवांगन (37) का कुशालपुर चौक स्थित प्लॉट में मकान निर्माण कार्य प्रस्तावित है। अस्थायी बिजली कनेक्शन लगवाने के लिए उन्होंने पड़ोसी के माध्यम से चंगोराभाठा निवासी थानू साहू से 20 फरवरी 2026 को संपर्क किया। आरोप है कि अस्थायी मीटर लगाने के नाम पर उनसे प्लॉट की रजिस्ट्री, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और 8400 रुपये नगद लिए गए। 21 फरवरी को करण के मोबाइल नंबर पर 8282989141 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मोर बिजली एप से जुड़ा बताते हुए एक लिंक टच करने और प्राप्त ओटीपी साझा करने को कहा। भरोसे में आकर करण ने ओटीपी बता दिया। 22 फरवरी को उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 4 लाख 95 हजार रुपये कट गए।









