बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के आपराधिक रिकार्ड वाले उम्मीद्वारों में से 104 को चुनाव आयोग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन उम्मीदवारों से 48 घंटे में जवाब मांगा गया है। इनको अपने खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों को प्रकाशित या प्रसारित नहीं कराने के आरोप में आयोग ने नोटिस जारी किया है।
इस संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि आयोग ने प्रथम चरण के 104 उम्मीदवारों को नोटिस भेज कर 48 घंटे में जवाब तलब किया गया है, जिन्होंने अपने खिलाफ लंबित मामलों को एक बार भी प्रकाशित अथवा प्रसारित नहीं कराया है।
गौर हो कि बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 71 सीट के लिए 28 अक्टूबर को मतदान कराया गया था। पहले चरण में कुल 1066 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 327 के खिलाफ आपराधिक रिकार्ड हैं, मगर उनमें से 104 ने अपने आपराधिक इतिहास की कोई भी सूचना प्रकाशित या प्रसारित नहीं कराया है। विधानसभा निर्वाचन 2020 के तहत चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों को जिनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित है, उन्हें इसकी जानकारी कम से कम 3 बार दैनिक समाचार पत्रों या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रकाशित-प्रसारित कराना जरूरी है।
बिहार में इस बार तीन चरणों में चुनाव हो रहे है। 28 अक्टूबर को पहले चरण में 16 जिलों की 71 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। दूसरे चरण का चुनाव 3 नवंबर को है। दूसरे चरण में 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होने वाला है। तीसरे चरण का चुनाव 7 नवंबर को होगा, तब 15 जिलों की 78 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी।










